काशीपुर: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर
काशीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहे दंपती को तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पति की हालत गंभीर बनी हुई है।
मामला बरखेड़ा पांडे क्षेत्र का है। मृतका के बेटे सोमपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 3 अप्रैल की सुबह उसके माता-पिता, जागन सिंह और लीलावती, जानवरों के लिए घास लेने महुआखेड़ागंज की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान हिमालयन फूड पार्क के सामने पीछे से आए एक बाइक चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों द्वारा दोनों घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान लीलावती ने दम तोड़ दिया। वहीं, जागन सिंह की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




