कबड्डी खिलाड़ी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, आपसी रंजिश से जुड़ा मामला — आरोपित फरार, पुलिस ने की छापेमारी शुरू

Share the news

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब मशहूर कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह (25 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना हरि सिंह रोड की बताई जा रही है। गोलीबारी के बाद आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, तेजपाल सिंह लुधियाना के गिद्दड़विंडी गांव का रहने वाला था। शुक्रवार दोपहर उसकी मुलाकात जगराओं क्षेत्र के हनी रोमी और काला रोमी से हुई। दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इस दौरान हरि सिंह रोड पर किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और हनी रोमी ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली सीधे तेजपाल सिंह को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने बताया कि पुलिस को दोपहर करीब 2:50 बजे वारदात की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने जांच कर दोनों मुख्य आरोपियों की पहचान हनी रोमी और काला रोमी के रूप में की है। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद आरोपी सफेद स्विफ्ट कार में फरार हो गए।

 

एसएसपी ने कहा कि यह घटना आपसी रंजिश से जुड़ी लग रही है। दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था, हालांकि इसकी औपचारिक जानकारी पुलिस को पहले नहीं थी। उन्होंने बताया कि गाड़ी में मौजूद अन्य दो-तीन अज्ञात व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है।

 

पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और पूरे मामले की गहन जांच कर न्यायिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *