किच्छा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर तहसील किच्छा क्षेत्र में ओवरलोडिंग और ओवरहाइट वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी गौरव पांडे के नेतृत्व में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने नगला, शांतिपुरी और जवाहरनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 23 वाहनों के चालान किए गए, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया। टीम ने ओवरलोडिंग, ओवरहाइट और यातायात नियमों के उल्लंघन की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस बीच उपजिलाधिकारी गौरव पांडे ने विद्यालयों की छुट्टी के समय स्वयं संबंधित विभागों की टीम के साथ क्षेत्र में औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल समय में भारी वाहनों की आवाजाही बंद पाई गई, जिस पर प्रशासन ने संतोष जताया। अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सड़क पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्ती से नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि संयुक्त अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।




