इंदिरा चौक पर जेसीबी का फ्यूल टैंक फटा, हाईवे पर फैला तेल – बाइक सवार घायल

Share the news

रुद्रपुर। शुक्रवार दोपहर इंदिरा चौक स्थित नगर निगम कार्यालय के सामने अचानक एक जेसीबी का फ्यूल टैंक फट गया। इससे बड़ी मात्रा में पेट्रोल और मोबिल नैनीताल-रामपुर हाईवे पर फैल गया। तेल फैलने से हाईवे का काफी हिस्सा फिसलन भरा हो गया, जिसके चलते वहां से गुजरने वाले कई बाइक सवार फिसलकर गिर पड़े और कुछ लोग चोटिल हो गए। वहीं चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी धीमी पड़ गई, जिससे मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पानी की बौछार डालकर हाईवे को साफ किया। पुलिस टीम ने भी तत्काल मोर्चा संभालते हुए वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी, ताकि सफाई कार्य सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को दोबारा सामान्य किया गया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते राहत दल के पहुंचने से कोई बड़ी दुर्घटना टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *