दुबई से 15 करोड़ की ठगी का मुख्य आरोपी जगदीश पुनेठा गिरफ्तार, उत्तराखंड पुलिस की बड़ी सफलता

Share the news

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले फरार आरोपी जगदीश पुनेठा को दुबई से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। दुबई प्रशासन ने आरोपी को सीबीआई और इंटरपोल के समन्वय के बाद उत्तराखंड सीबीसीआईडी की विशेष टीम को सौंप दिया।

 

पिथौरागढ़ निवासी लीलाधर पाटनी की शिकायत पर जगदीश पुनेठा, ललित पुनेठा, चंद्र प्रकाश पुनेठा और पंकज शर्मा पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपियों ने निर्मल बंग कमोडिटी में निवेश का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी की। जांच के दौरान ललित पुनेठा और पंकज शर्मा की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि जगदीश लगातार फरार था, जिस पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।

 

जांच में सामने आया कि आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर करीब 15 करोड़ रुपए की ठगी और दो करोड़ की अवैध संपत्ति अर्जित की। कई मामलों में उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगाया गया था।

 

सूचना मिलने पर कि आरोपी दुबई में छिपा है, सीबीसीआईडी ने सीबीआई व इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया। इसके आधार पर अबू धाबी NCB ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

 

उत्तराखंड पुलिस की टीम 10 नवंबर को दुबई रवाना हुई और 13 नवंबर को आरोपी को सफलतापूर्वक भारत लेकर लौटी। जगदीश पुनेठा को पिथौरागढ़ कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *