उत्तराखंड के रुद्रपुर में शनिवार को ऐतिहासिक निवेश उत्सव का आयोजन हुआ, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आत्मीय स्वागत किया। यह उत्सव प्रदेश में एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंडिंग के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है, जो राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में कहा कि आज का दिन उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि यह तीसरा ग्राउंडिंग समारोह है जो राज्य की निवेश नीति की सफलता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि देश में आज आतंकवाद और नक्सलवाद सिर उठाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है और सहकारिता के क्षेत्र में भी भारत ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
मुख्य कार्यक्रम मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 1165.4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 14 महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया।
इनमें रुद्रपुर की सिडकुल क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं के लिए 126 करोड़ रुपये की लागत से दो कामकाजी छात्रावास, गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण, 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में टाइप द्वितीय के 108 आवासों का निर्माण, हरिद्वार की 40वीं वाहिनी पीएसी में आवासीय भवन, वीसी कक्ष, और कई अन्य विकास कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, रुद्रपुर में एनएच-87 पर डीडी चौक से इंदिरा चौक तक सड़क चौड़ीकरण, नैनीताल के मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग, चंपावत में मल्टी लेवल पार्किंग और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, टनकपुर में पेयजल आपूर्ति से संबंधित परियोजनाएं, हल्द्वानी में प्रशासनिक भवन व बस टर्मिनल निर्माण तथा वर्षा जल प्रबंधन सहित सड़क निर्माण परियोजनाएं भी इस सूची में शामिल हैं।
निवेश उत्सव के माध्यम से उत्तराखंड ने न केवल निवेशकों को आमंत्रित किया, बल्कि धरातल पर निवेश के मूर्त रूप को भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में उद्यमी, अधिकारी और स्थानीय जनता उपस्थित रही।




