
देहरादून: भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर देशभर में आक्रोश फैल गया है। इसी कड़ी में देहरादून में महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मंत्री विजय शाह का पुतला फूंका और तत्काल इस्तीफे की मांग की।





महिला कांग्रेस ने मंत्री के बयान को सेना और देश की महिलाओं का अपमान करार दिया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि एक महिला सैन्य अधिकारी, जो देश की सेवा में समर्पित है, उसके लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग न केवल शर्मनाक है, बल्कि भाजपा की संकीर्ण मानसिकता को भी दर्शाता है।
ज्योति रौतेला ने कहा कि विजय शाह का वीडियो में ठहाके लगाते हुए माफी मांगना दिखाता है कि उन्हें अपनी गलती का कोई पछतावा नहीं है। महिला कांग्रेस का कहना है कि इस पूरे मामले ने भाजपा की छवि को भी नुकसान पहुंचाया है।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कनक चौक पर मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और साफ शब्दों में कहा कि जब तक विजय शाह इस्तीफा नहीं देंगे, आंदोलन जारी रहेगा।
महिला कांग्रेस ने केंद्र और भाजपा नेतृत्व से भी मांग की है कि ऐसे नेताओं पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी महिला अधिकारियों या सेनाकर्मियों के प्रति ऐसी टिप्पणी करने की हिम्मत न कर सके।