गुरुवार सुबह सिडकुल पंतनगर स्थित ग्रीन पैनल प्लाईवुड फैक्ट्री में आयकर विभाग ने अचानक छापेमारी कर दी। यह कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से संचालित की गई। सुबह तड़के करीब आधा दर्जन वाहनों में सवार होकर पहुंची टीम ने फैक्ट्री परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें पंतनगर के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों में स्थित ग्रीन पैनल और ग्रीन प्लाई के अन्य ठिकानों पर भी एक साथ सर्च अभियान चला रही हैं। फैक्ट्री पहुंचते ही अधिकारियों ने एंट्री और एग्जिट गेट बंद करवा दिए और भीतर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई करोड़ों रुपये की संभावित टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी बताई जा रही है। आयकर अधिकारी फैक्ट्री के लेखा-जोखा, स्टॉक रजिस्टर, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि Greenpanel Industries Limited देश की प्रमुख एमडीएफ और प्लाईवुड निर्माता कंपनियों में शुमार है।
इसी क्रम में सुबह करीब आठ बजे दिल्ली नंबर की चार से पांच गाड़ियां शहर की पॉश कॉलोनी मेट्रोपोलिस स्थित एक जिम पर भी पहुंचीं। बताया जा रहा है कि वहां से एक स्टील कारोबारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर उसके आवास पर ले जाया गया, जहां टीम ने कई दस्तावेज और लैपटॉप जब्त कर घंटों पूछताछ की।
इसके बाद सुबह लगभग 11 बजे टीम सिडकुल स्थित फैक्ट्री पहुंची और सीधे प्रबंधन कार्यालय व लेखा विभाग को सील कर दिया। मुख्य गेट पर विभागीय कर्मियों को तैनात कर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया।
दिल्ली और बरेली से आई टीमों के नेतृत्व में चल रही इस छापामार कार्रवाई से स्थानीय कारोबारियों और उद्यमियों में हड़कंप की स्थिति है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह सर्च ऑपरेशन लंबा चल सकता है।



