रुद्रपुर में नशा तस्कर पर प्रशासन की सख्ती, अवैध मकान पर बुल्डोजर की तैयारी; नगर निगम का 15 दिन का नोटिस, कागजात न देने पर ध्वस्तीकरण की चेतावनी

Share the news

नशा तस्कर नाजिम के घर पर बुल्डोजर की तैयारी, नगर निगम ने जारी किया नोटिस

रुद्रपुर: पुलिस पर हमले और मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए नशा तस्कर नाजिम के खिलाफ अब प्रशासनिक कार्रवाई भी तेज हो गई है। नगर निगम रुद्रपुर ने उसके घर को अवैध निर्माण बताते हुए नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने परिजनों को चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम की ओर से नाजिम के परिजनों को 15 दिन का समय दिया गया है। इस दौरान उन्हें मकान से संबंधित रजिस्ट्री या अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि तय समय सीमा में स्वामित्व से जुड़े कागजात नहीं दिखाए गए या जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो नगर निगम पुलिस प्रशासन के सहयोग से बुल्डोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त कर सकता है।

इस मामले में महापौर विकास शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह गंभीर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की गई है। इसी के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

महापौर ने कहा कि नशा तस्कर समाज और युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा खतरा हैं। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम इससे पहले भी कई अपराधियों और नशा तस्करों के अवैध ठिकानों पर बुल्डोजर की कार्रवाई कर चुका है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *