रुद्रपुर में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला, फायरिंग से मचा हड़कंप…

Share the news

उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर पहले तमंचे की बट से हमला किया गया और फिर उसे गोली मारने की कोशिश भी की गई। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रुद्रपुर की मलिक कॉलोनी निवासी यश घई शनिवार रात करीब सवा आठ बजे वैष्णो देवी मंदिर के पास अपने दोस्त का इंतजार कर रहे थे। तभी अमान और आकाश नामक युवक अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचे और यश को घेर लिया।

अमान ने तमंचा निकालकर यश के सिर पर बट से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद अमान ने उस पर गोली चला दी। गोली यश के सिर के पास से निकल दीवार में जा लगी।

फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर लोग इकट्ठा हो गए, जिसे देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल यश को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने यश की तहरीर पर अमान, आकाश और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

( एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी):

“तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया फायरिंग की पुष्टि हुई है। जांच की जा रही है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो दिन पहले यश का अमान और आकाश से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया।

रुद्रपुर में हुई इस फायरिंग की घटना ने कॉलोनी में दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है। उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *