रुद्रपुर में पुरानी रंजिश में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पेट में गोली लगने से हालत नाजुक; हमलावर फरार, पुलिस जांच में जुटी

Share the news

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को पहले जिला अस्पताल और बाद में हल्द्वानी रेफर किया गया है।

घटना रुद्रपुर के प्रीत विहार कॉलोनी निवासी जितेंद्र पुत्र नरेंद्र पाल के भाई रवि दिवाकर के साथ हुई। तहरीर के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:30 बजे रवि अपने मित्र संजू के चाय के खोखे पर, जो रामपुर रोड लोक विहार कॉलोनी स्थित चेक पोस्ट ऑफिस के पास है, बैठा था। इसी दौरान बिलासपुर थाना क्षेत्र के दिबदिबा निवासी सन्नीया, प्रवीण सिंह, अक्षय और रुद्रपुर के रम्पुरा वार्ड-22 निवासी आशीष श्रीवास्तव व उसके भाई अंकित श्रीवास्तव सहित अन्य युवक वहां पहुंचे।

आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की। एक गोली रवि के पेट में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने उस पर लोहे की रॉड और डंडों से भी हमला किया और उसे मरा समझकर फरार हो गए। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर घायल को पहले रम्पुरा चौकी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ दिन पहले भी एक मोबाइल नंबर से जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसकी शिकायत पुलिस चौकी में दी गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *