रुद्रपुर में पुलिस टीम पर पथराव के मामले में तीन गिरफ्तार
ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया था।
जानकारी के अनुसार बीती 1 फरवरी की शाम करीब पांच बजे सुभाष कॉलोनी में मुखबिर की सूचना पर पुलिस व एएनटीएफ टीम नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने टीम पर अचानक पथराव कर दिया। पथराव में हेड कांस्टेबल भुवन पांडे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश में विशेष अभियान चलाया।
लगातार दबिश और स्थानीय इनपुट के आधार पर घटना के 22 दिन बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



