रुद्रपुर में पार्टनरशिप का झांसा देकर 60 लाख से अधिक की ठगी, जूता फैक्ट्री संचालक फरार, निवेशक ने ट्रांजिट कैम्प थाने में मुकदमा दर्ज

Share the news

रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में एक बड़ा आर्थिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें फर्म में पार्टनर बनाने का झांसा देकर करीब 60 लाख 57 हजार रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ईडब्ल्यूएस-61/2, आवास विकास, रुद्रपुर निवासी संतोष पाल पुत्र रामचन्द्र पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विगत तीन वर्षों से उनकी जान-पहचान ग्रीन पार्क क्षेत्र में किराये पर रहने वाले धर्मजीत पुत्र अमर सिंह से थी। धर्मजीत मूल रूप से ग्राम सिंघपुरा भागानी, जिला सिरमौर (पांवटा साहिब), हिमाचल प्रदेश का निवासी है और रुद्रपुर के ग्राम भूरारानी में मैसर्स पंवार एंड सन्स नाम से जूते बनाने की फैक्ट्री संचालित करता था।

पीड़ित के अनुसार, दिसंबर 2021 में धर्मजीत ने उसे अपनी फर्म में पार्टनर बनाने का आश्वासन देकर 5 लाख रुपये का चेक लिया। इस संबंध में दोनों के बीच 29 दिसंबर 2021 को एक लिखित अनुबंध भी तैयार किया गया, जिसे नोटरी से प्रमाणित कराया गया। इसके बाद पार्टनरशिप के नाम पर अलग-अलग तिथियों में पीड़ित से कुल 60,57,068 रुपये और ले लिए गए, जिसका पूरा रिकॉर्ड पीड़ित के पास उपलब्ध बताया गया है।

तहरीर में कहा गया है कि जनवरी 2024 में धर्मजीत निजी कार्यों का हवाला देकर अपने मूल निवास हिमाचल प्रदेश चला गया। इसके बाद से वह लगातार फोन कॉल करने के बावजूद संपर्क में नहीं आ रहा है और खुद को कहीं छिपाकर रहने का आरोप है।

पीड़ित ने यह भी बताया कि धर्मजीत की पत्नी शिक्षा देवी के नाम से ग्राम गुरुवाला, पोस्ट भागानी, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) में मैसर्स किशन कन्हैया इंटरप्राइजेज नामक एक प्रोपराइटरशिप फर्म संचालित है, जहां से आरोपी के बारे में जानकारी मिल सकती है।

पीड़ित ने थाना ट्रांजिट कैम्प में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले ने क्षेत्र में चर्चाओं को जन्म दे दिया है और लोग निवेश से पहले सतर्क रहने की बात कह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *