रुद्रपुर में सोमवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई जब रुद्रपुर कोतवाली में पंजाब पुलिस की एक टीम अचानक पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी कि पंजाब के बालाचौर स्थित बालाचौर के चौधरी पैलेस में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर 14 के पार्षद जगदीप भाटिया उर्फ जॉनी का नाम सामने आया है।
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में हुई फायरिंग के दौरान एक युवक को गोली लग गई थी, जिसकी बाद में मौत हो गई। इस घटना के बाद पंजाब पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की और जांच के दौरान पार्षद जगदीप भाटिया का नाम प्रकाश में आया। इसी सिलसिले में पंजाब पुलिस की टीम रुद्रपुर पहुंची।
पंजाब पुलिस ने पहले कोतवाली में आमद दर्ज कराई और कोतवाल मनोज रतूड़ी को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद टीम स्थानीय पुलिस के साथ पार्षद के आवास पर दबिश देने पहुंची। हालांकि मौके पर घर पर ताला लटका मिला और पार्षद घर पर मौजूद नहीं मिले।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि दबिश के बाद पंजाब पुलिस की टीम वापस लौट गई है, लेकिन संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।




