किच्छा/ऊधम सिंह नगर।
ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र के बसंत गार्डन में एक महिला ने अपने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता मेनका भाटिया ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि आरोपी देवनाथ सरकार ने उनके 75 प्रतिशत दिव्यांग पति की मजबूरी का फायदा उठाते हुए आर्थिक लेनदेन को लेकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता के पति शिवापुरी ने आरोपी से कुछ धनराशि उधार ली थी, जिसके बदले सुरक्षा के तौर पर पंजाब नेशनल बैंक के दो चेक दिए गए थे। पीड़िता का दावा है कि पूरा कर्ज चुकता करने के बावजूद आरोपी चेक वापस नहीं कर रहा और उन्हें चेक बाउंस के मामले में फंसाने की धमकी दे रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि 21 जनवरी 2026 की रात आरोपी चेक लौटाने के बहाने उनके घर में घुस आया और शराब के नशे में अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपी ने पुलिस व प्रशासन में ऊंची पकड़ होने का दावा करते हुए जेल भिजवाने की धमकी दी। अगले दिन जब वह आरोपी के घर शिकायत करने गई, तो कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता का कहना है कि उसके पास ऑडियो रिकॉर्डिंग और मोबाइल चैट जैसे साक्ष्य मौजूद हैं। उसने पुलिस हेल्पलाइन 112 और स्थानीय कोतवाली में शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल महिला ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।


