दिल दहला देने वाली वारदात, मामूली विवाद में पति ने पत्नी की चाकू से हत्या, वारदात के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

Share the news

पिथौरागढ़।

सीमांत जिले पिथौरागढ़ से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मामूली घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति खुद ही थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम राजेश राम है, जो मूल रूप से मूनाकोट ब्लॉक के कानड़ी गांव का निवासी है। वर्तमान में उसका परिवार पिथौरागढ़ नगर के जाखनी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। राजेश राम महाराष्ट्र में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और करीब एक सप्ताह पहले ही अवकाश लेकर घर लौटा था।

पुलिस के मुताबिक शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे किसी बात को लेकर राजेश राम और उसकी पत्नी नीलम (30 वर्ष) के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर राजेश राम ने चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में नीलम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति स्वयं पुलिस के पास पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पिथौरागढ़ कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की गहन जांच जारी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *