अवैध खनन ऑडियो से हड़कंप: एसएसपी का बड़ा एक्शन, चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित, एसपी को जांच सौंपी; विभाग में मची खलबली

Share the news

रुड़की। अवैध खनन को लेकर सामने आए एक ऑडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने इकबालपुर पुलिस चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी के छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है।

जानकारी के अनुसार, इकबालपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी बीच किसी व्यक्ति ने इसकी शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में कर दी। कंट्रोल रूम से झबरेड़ा थाना पुलिस को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निर्देश मिलने के बाद इकबालपुर चौकी का एक पुलिसकर्मी मौके पर खनन रुकवाने के लिए गया।

बताया जा रहा है कि इसके बाद संबंधित पुलिसकर्मी ने फोन पर शिकायतकर्ता को भी खनन बंद कराने की सूचना दी। लेकिन इस दौरान उसने ऐसी बातें कह दीं, जिससे यह संकेत मिला कि पुलिस और खनन माफिया के बीच सांठगांठ हो सकती है। यह पूरी बातचीत शिकायतकर्ता ने फोन में रिकॉर्ड कर ली और बाद में ऑडियो को सार्वजनिक कर दिया।

ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे और मामले ने तूल पकड़ लिया। जैसे ही यह ऑडियो एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर तक पहुंचा, उन्होंने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए इकबालपुर चौकी प्रभारी नवीन सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, देवेश सिंह और प्रदीप को निलंबित कर दिया।

एसएसपी ने पूरे मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात शेखर सुयाल को सौंपी है और उन्हें जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि विभाग की छवि खराब करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के बाद मामले में अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *