पति ने बेरहमी से पीटकर पत्नी के दोनों हाथ तोड़े, ससुराल पक्ष पर हत्या की कोशिश का आरोप

Share the news

रुद्रपुर। रम्पुरा चौकी क्षेत्र में घरेलू हिंसा का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम पैनिया हिम्मत, जिला पीलीभीत निवासी हुकुम लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री जशोदा देवी का विवाह करीब 22 वर्ष पूर्व ग्राम दिओराजपुर निवासी पीतमराम से हुआ था। कुछ समय से पीतमराम अपने परिवार के साथ रुद्रपुर के दुधिया नगर मोहल्ले में रह रहा है और टुकटुक चलाने का कार्य करता है। परिजनों के अनुसार पीतमराम शराब व नशे की आदतों में लिप्त है और आए दिन छोटी-छोटी बातों पर पत्नी के साथ मारपीट करता है।

 

आरोप है कि हाल ही में हुए विवाद में पीतमराम ने अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटकर दोनों हाथ तोड़ दिए, जिसमें एक हाथ पूरी तरह टूट गया और दूसरे में फ्रैक्चर आ गया। घायलावस्था में जशोदा देवी का उपचार आईएसआई अस्पताल, सिडकुल में चल रहा है। परिजनों का कहना है कि पीतमराम ने अस्पताल स्टाफ से भी बदसलूकी की।

 

पीड़िता के पिता ने पति पीतमराम, सास रामवेटी और ससुर नन्हेलाल पर बेटी को जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की लिखित तहरीर पुलिस को दी गई है, जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *