पति पर दहेज उत्पीड़न, जबरन संबंध और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने का आरोप, पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता।

आईटीआई थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न, जबरन शारीरिक संबंध बनाने, आपत्तिजनक वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 12 फरवरी 2023 को बिलासपुर (जनपद रामपुर) निवासी गुरविंदर सिंह बाजवा पुत्र हरदेव सिंह के साथ सिख रीति-रिवाज से हुई थी। पति कमीशन पर लोगों को विदेश भेजने का कार्य करता था। अगस्त 2023 में पति के कहने पर उसने मुंबई में अपनी नौकरी छोड़ दी और उसका ऑनलाइन काम करने लगी।

 

महिला का आरोप है कि पति उसे घुमाने के बहाने होटलों में ले जाता था, जहां डराकर और धमकाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाता और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाता था। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।

 

इसके अलावा ससुराल पक्ष द्वारा मकान निर्माण के लिए 50 लाख रुपये दहेज की मांग की गई। मना करने पर महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा नौकरों जैसा व्यवहार किया गया।

 

पीड़िता ने बताया कि उसके खाते में जमा पीएफ के 1 लाख 80 हजार रुपये पति ने जबरन अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इतना ही नहीं, उसके नाम पर वाहन लोन, हाउसिंग लोन और गोल्ड लोन जैसे कई ऋण भी दबाव डालकर उसके हस्ताक्षर से लिए गए।

 

आरोप है कि 9 जून को सास, ससुर और पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और उसके गहने, कागजात तथा बैंक पासबुक अपने पास रख ली। इसके बाद पति ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिश्तेदारों और सोशल मीडिया पर वायरल कर उसकी बदनामी शुरू कर दी।

 

महिला का कहना है कि उसका पति अब लोन के पैसों से कनाडा भागने की तैयारी कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस से न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *