उधम सिंह नगर के थाना कुंडा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम श्यामनगर से एक गंभीर पारिवारिक विवाद और वृद्ध उत्पीड़न का मामला सामने आया है। 75 वर्षीय रामकिशोर ने अपनी 66 वर्षीय पत्नी ज्ञानवती के साथ कथित रूप से बहू पूजा द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है।
पीड़ित रामकिशोर का कहना है कि उन्होंने अपनी कृषि भूमि बेचकर वर्ष 2022 में अपने पुत्र मूलचंद के लिए प्लॉट खरीदा था। मूलचंद की बीमारी के चलते 11 नवंबर 2024 को मृत्यु हो गई। वर्तमान में रामकिशोर अपनी पत्नी के साथ अपने पुश्तैनी मकान में रहते थे, लेकिन बिजली कनेक्शन कटने के कारण कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे थे।
आरोप है कि 13 दिसंबर 2025 की सुबह मूलचंद की पत्नी पूजा ने अवैध रूप से बिजली की कटिया डालने का प्रयास किया। विरोध करने पर पूजा ने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान पूजा ने वृद्ध ज्ञानवती के साथ मारपीट की और चूल्हे में झोंकने का प्रयास किया, जिससे उनके कपड़े जल गए। ग्रामीणों की मदद से वृद्ध दंपति की जान बच पाई।
पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस चौकी में भी उनकी बात नहीं सुनी गई, उल्टा उन्हें अपमानित कर भगा दिया गया। इसके बाद पूजा ने घर का सामान बाहर फेंक दिया और उन्हें घर में प्रवेश से रोक दिया। मजबूरन वृद्ध दंपति कड़ाके की ठंड में पड़ोस में शरण लेने को विवश हैं।
पीड़ित ने बहू व उसके रिश्तेदारों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


