रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में बुधवार दोपहर देहरादून-रुड़की मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह भयावह हादसा गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव के पास हुआ, जिसकी तस्वीरें नजदीकी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं।
जानकारी के मुताबिक, बीएसएम इंटर कॉलेज के तीन छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद एक बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक टेंपो को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रही देहरादून डिपो की रोडवेज बस से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक हवा में उछल गई और तीनों सड़क पर जा गिरे।
स्थानीय लोगों के पहुंचने तक एक छात्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक और छात्र ने दम तोड़ दिया। हादसे में मारे गए छात्रों की पहचान तेलूराम उर्फ सूरज (16) पुत्र गुलाब सिंह निवासी सालियर सहलापुर और अमित (17) पुत्र रिंकू निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर के रूप में हुई है। घायल सोनी (17) पुत्र सुनील निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़कों पर सावधानी बरतने की अपील की है।


