पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बंगापानी क्षेत्र के उमरगड़ा के पास उस समय हुआ जब दिल्ली नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार संख्या DL 3 CC N 3785 पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। सुबह करीब 11 बजे बंगापानी के उमरगड़ा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में लक्ष्मण सिंह (30) निवासी धुरातोली, मुनस्यारी और अंकित पांडे (30) निवासी छाना, पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल आयुष पंत को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में देवेंद्र भट्ट (25) निवासी पिथौरागढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतक लक्ष्मण सिंह भारतीय सेना में तैनात थे और इन दिनों अवकाश पर घर आए हुए थे। अंकित पांडे देहरादून में निजी क्षेत्र में कार्यरत था और उसके पिता बसंत पांडे बेरीनाग में बीडीओ पद पर तैनात हैं। वहीं आयुष पंत लंदन में नौकरी करता था और हाल ही में छुट्टी पर घर आया था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने शवों और घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि चारों युवक मुनस्यारी घूमने जा रहे थे। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।




