जसपुर/ऊधम सिंह नगर: उत्तराखंड में “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को आगे बढ़ाते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने दो शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 मार्च 2026 को कोतवाली जसपुर पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की टीम ने पतरामपुर अंडरपास सर्विस रोड कट के पास संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान शमशेर सिंह निवासी ग्राम हाजिरो, थाना जसपुर और सिमरनदीप सिंह निवासी अंजनिया फार्म, थाना पुलभट्टा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान शमशेर सिंह के पास से एक .32 बोर अवैध पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस, जबकि सिमरनदीप सिंह के पास से एक .32 बोर पिस्टल और 5 कारतूस बरामद किए गए। वहीं, उनकी स्विफ्ट डिजायर कार की जांच में दो पंप एक्शन गन (12 बोर) भी बरामद हुईं, जो अवैध रूप से लाई जा रही थीं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली जसपुर में FIR संख्या 109/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जनपद में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के आपराधिक नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।




