हांगकांग नौकरी का झांसा देकर रिटायर्ड प्रोफेसर से 7.5 लाख की ठगी; फर्जी UNDP मेल आईडी, वीजा-आवास के नाम पर रकम ऐंठी, साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की

Share the news

रुद्रपुर में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड प्रोफेसर को हांगकांग में नौकरी का झांसा देकर 7.5 लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित महेंद्र सिंह पाल, जो जून 2025 में पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय से प्रोफेसर पद से सेवानिवृत्त हुए थे, ऑनलाइन नौकरी खोजते हुए फर्जी वेबसाइट के जाल में फंस गए। उन्होंने यूनाइटेड नेशन्स डेवलपमेंट प्रोग्राम (UNDP) में प्रोजेक्ट मैनेजर के नाम पर आवेदन किया था।

इसके बाद कई फर्जी मेल आईडी से उन्हें चयन की सूचना भेजी गई और हांगकांग में सरकारी आवास, वीजा और दस्तावेज़ प्रक्रिया के नाम पर पैसे मांगे गए। ठगों ने खुद को UNDP हांगकांग का असिस्टेंट टीम लीडर HR बताकर भरोसा दिलाया। प्रोफेसर ने ठगों के कहने पर चीनी बैंक खाते में 9 और 26 सितंबर को कुल 7 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

 

लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी न तो वीजा मिला, न कोई आधिकारिक दस्तावेज। ठगों द्वारा बार-बार टालने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक खातों व ईमेल की टेक्निकल जांच कर रही है।

 

यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि ऑनलाइन नौकरी ऑफर और विदेशी रोजगार के नाम पर साइबर ठग संगठित तरीके से झांसा दे रहे हैं। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक या मेल का जवाब न देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *