रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में हनीट्रैप और जबरन वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यवसायी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि एक युवती ने सुनियोजित तरीके से उन्हें जाल में फंसाकर बंधक बनाया और लाखों रुपये की मांग की।
पीड़ित के अनुसार, युवती से उनकी कई दिनों से फोन पर बातचीत हो रही थी। 27 मार्च को युवती ने फुलसुंगा श्मशान घाट के पास मिलने के लिए बुलाया। वहां पहुंचने पर वह उन्हें अपने घर ले गई, जहां पहले से ही अन्य आरोपी मौजूद थे। आरोप है कि घर के अंदर पहुंचते ही एक अन्य युवती और चार युवक सामने आ गए और उन्होंने जबरन पीड़ित के कपड़े उतरवाकर वीडियो बना ली।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की। साथ ही धमकी दी गई कि रकम न देने पर उन्हें झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसा दिया जाएगा। भयभीत होकर पीड़ित ने अपने एक मित्र से 14 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर कराए।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद भी उसे नहीं छोड़ा गया। देर रात एक अन्य युवती मौके पर पहुंची, जिसने कथित रूप से उसकी ‘जमानत’ ली और बाहर निकाला। जाते समय आरोपियों ने अगले दिन 1.20 लाख रुपये देने की धमकी दी। 28 मार्च को पीड़ित ने 30 हजार रुपये नकद भी दिए, लेकिन इसके बावजूद लगातार फोन कर और पैसे की मांग की जा रही है।
मामले से आहत पीड़ित मानसिक तनाव में है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।




