
उधमसिंह नगर जिले के पंतनगर थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। गश्त के दौरान तबीयत बिगड़ने से होमगार्ड जवान सुरजीत सिंह की मौत हो गई। 57 वर्षीय सुरजीत सिंह भगवानपुर, रुद्रपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में पंतनगर थाने में तैनात थे।





गुरुवार की रात उनकी ड्यूटी कांस्टेबल केदारी प्रसाद के साथ लगी थी। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी प्रभारी गणेश दत्त भट्ट मौके पर पहुंचे और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें तुरंत पंत विवि अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए सुरजीत सिंह को जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर किया, जहां से उन्हें हायर सेंटर राममूर्ति बरेली भेजा गया। लेकिन शुक्रवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुरजीत सिंह अपने पीछे एक बेटा कुलविंदर सिंह को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
पंतनगर थाना अध्यक्ष सुंदरम शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।