ऊधम सिंह नगर में अवैध गतिविधियों पर सख्ती जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली पन्तनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूनिवर्सिटी कैम्पस में शराब की होम डिलीवरी का प्रचार करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को जीबी पन्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में अखबारों के अंदर आपत्तिजनक प्रचार कार्ड डाले जाने की सूचना मिली थी। कार्ड पर अंग्रेजी में “Fast delivery, enjoy a drink at the comfort and safety of your home, we are just a call away” लिखा था, जिससे परिसर में शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों की होम डिलीवरी किए जाने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया तथा पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि देवाशीष विश्वास पुत्र रविन्द्र विश्वास, निवासी ग्राम टैगोर नगर शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, उक्त कार्ड अखबारों में डालकर वितरित कर रहा था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है और उसे माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह अधिकारी, कांस्टेबल भूपाल सिंह एवं कांस्टेबल राजेन्द्र कोरंगा शामिल रहे।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




