उधम सिंह नगर जिले के मुख्यालय रुद्रपुर स्थित सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होली मिलन समारोह के दौरान दो छात्र गुटों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। रंग-गुलाल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं होली मिलन कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों में तीखी बहस शुरू हो गई। पहले नोकझोंक हुई, फिर देखते ही देखते दोनों पक्षों के छात्र आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ते देख अन्य छात्रों और कॉलेज प्रशासन के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों गुटों को अलग किया। इस दौरान कुछ छात्र एक-दूसरे को भविष्य में देख लेने की धमकी देते भी नजर आए।
घटना के दौरान मौजूद छात्रों ने पूरी मारपीट का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो वायरल होने से कॉलेज की छवि पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, विवाद की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है और न ही कॉलेज प्रशासन की ओर से विस्तृत बयान जारी किया गया है। हैरानी की बात यह है कि अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को औपचारिक तहरीर नहीं दी है।
रुद्रपुर के एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया और वायरल वीडियो के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



