रुद्रपुर। सिख इतिहास के स्वर्णिम अध्याय को सजीव रूप में प्रस्तुत करने जा रहा है रुद्रपुर, जहां श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहादत वर्ष को समर्पित भव्य लाईट एंड साउंड शो एवं नाटक मंचन का आयोजन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक प्रस्तुति आगामी रविवार, 28 दिसंबर 2025 को जेसीज पब्लिक स्कूल, गंगापुर रोड, रुद्रपुर के ऑडिटोरियम में दोपहर 01:30 बजे से प्रारंभ होगी।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एवं स्थानीय सिख युवाओं के सहयोग से आयोजित इस विशेष नाटक “धर्म की चादर” में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन, उनके सिद्धांतों और धर्म की रक्षा के लिए दी गई अनोखी शहादत को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया जाएगा। इस नाटक का निर्देशन तालगुरु प्रोडक्शंस, चंडीगढ़ द्वारा किया गया है, जिसे हाल ही में दिल्ली के लालकिले सहित देश के कई प्रांतों में सराहना मिल चुकी है।
इस आयोजन के लिए चंडीगढ़ से लगभग 20 कलाकारों की टीम रुद्रपुर पहुंचेगी, जो लाईट एंड साउंड तकनीक के माध्यम से दर्शकों को इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख और रुद्रपुर के मेयर श्री विकास शर्मा जी अति विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता काशीपुर के पूर्व विधायक सरदार हरभजन सिंह चीमा जी करेंगे।
इसके अतिरिक्त विधायक शिव अरोड़ा, विधायक तिलकराज बेहड़ तथा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के महासचिव सरदार जगमीत सिंह काहलों विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक सरदार गुरदीप सिंह सहोता, अध्यक्ष उत्तराखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी हैं।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन करने के लिए परिवार सहित बड़ी संख्या में पहुंचें और समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। प्रेस वार्ता में बताया गया कि समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है।


