सोमवार की रात्रि ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती वार्ड एक में महिला से मारपीट और बीच-बचाव करने पहुंचे गौ रक्षक दल के सदस्य पर कथित हमले का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने ट्रांजिट कैम्प कोतवाली का घेराव कर जमकर रोष व्यक्त किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार आरोप है कि सोमवार की रात कुछ युवक किसी बात को लेकर परिजनों की गैर मौजूदगी में घर में मौजूद एक महिला के साथ मारपीट कर उसे घायल कर गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब उसके परिजन मौके पर पहुंचे और हमलावरों का विरोध किया तो आरोप है कि उन युवकों ने परिजनों के साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान गौ रक्षक दल से जुड़े युवक आदि कुमार ने परिजनों को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावर युवकों ने आदि कुमार पर तमंचा तान दिया और लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर हिंदूवादी नेता विराट आर्या सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और हमले के विरोध में ट्रांजिट कैम्प कोतवाली का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में अराजक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस द्वारा समय पर सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया और आरोप है कि त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध युवकों को दबिश देकर हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में तहरीर प्राप्त कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।




