पंतनगर। नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता और हाल में हुई जेल ब्रेक की घटना को देखते हुए पंतनगर में मंगलवार को उच्च स्तरीय बार्डर सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त निदेशक आसूचना ब्यूरो, अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना सुरक्षा, कुमाऊं मंडल के आइजी, एसएसपी ऊधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़ के साथ सेना के अधिकारी मौजूद रहे।
गोष्ठी में 16 सितंबर को नेपाल में बनी राजनीतिक परिस्थिति और जेल ब्रेक की घटना पर गंभीर चर्चा हुई। फरार अपराधियों की भारतीय सीमा में घुसपैठ की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने चौबीसों घंटे गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। खासतौर पर नेपाल से लगे ऊधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के खुले बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और आवाजाही करने वालों की कड़ी जांच पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहते हुए आपसी तालमेल मजबूत करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में सीमा सुरक्षा को लेकर आगे की रणनीति भी तय की गई।



