ऊधम सिंह नगर में कार खरीद-फरोख्त के नाम पर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। बाजपुर तहसील के ग्राम हरसान निवासी सरजीत सिंह ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 21 सितंबर 2025 को गंगा सिंह राणा से Honda Amaze कार (UK04U0025) ₹2,20,000 में खरीदी थी। सौदे के दौरान उन्हें बताया गया था कि वाहन पूरी तरह क्लियर है और दो दिनों में नामांतरण हेतु NOC उपलब्ध करा दी जाएगी।
लेकिन सौदा पूरा होने और रकम देने के बाद जब सरजीत ने NOC मांगी तो पता चला कि वाहन पर बैंक का ऋण बकाया है, जबकि खरीद के दौरान इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। मामले में वाहन के असली मालिक मंगलम कार बाजार के विजय और रवि ने एक माह के भीतर ऋण चुकाने और NOC उपलब्ध कराने का लिखित शपथ-पत्र तक दिया, परंतु अब डेढ़ माह बीत चुका है और न ऋण जमा हुआ और न ही NOC मिल पाई है।
पीड़ित का आरोप है कि बार-बार कहने के बावजूद तीनों आरोपी मामले को टाल रहे हैं। ठगी से परेशान होकर सरजीत सिंह ने पुलिस में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की अपील की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


