हाइवे पर मिला गोवंश के बच्चे का सिर, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप

Share the news

रुद्रपुर। मंगलवार सुबह नैनीताल हाइवे पर जिला अस्पताल के सामने उस वक्त सनसनी फैल गई जब राहगीरों ने सड़क किनारे गोवंश के बच्चे का सिर पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण होने लगा। किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सिडकुल चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

 

स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने भीड़ भड़कने से पहले ही गोवंश के सिर को कब्जे में ले लिया। इस बीच घटना की जानकारी शहर में तेजी से फैल गई और कुछ ही समय बाद रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा सहित हिंदुवादी संगठनों के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

 

सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें बताया गया कि कुत्ते गोवंश का सिर कहीं से उठाकर यहां ले आए थे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच तेज कर दी है और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

पुलिस का कहना है कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि वास्तविक कारणों का पता चल सके और किसी भी तरह की अफवाह फैलने से पहले स्थिति स्पष्ट की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *