मंदिर में भगदड़, 6 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल…
गोवा के उत्तरी हिस्से शिरगांव में शनिवार तड़के एक भयानक हादसा हो गया। प्रसिद्ध श्री लैराई देवी मंदिर में वार्षिक ‘जात्रा’ के दौरान मची भगदड़ में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हजारों श्रद्धालु गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने आए थे। भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि भगदड़ के कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा किया और घायलों से अस्पताल में मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के प्रति शोक जताते हुए कहा, “यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, घायलों के इलाज का सारा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।” मुख्यमंत्री ने राज्य में आगामी तीन दिनों के लिए सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है और केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर है। घायलों को गोवा मेडिकल कॉलेज बम्बोलिम और मापुसा के नॉर्थ गोवा डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए 108 एंबुलेंस सेवा और मेडिकल टीमों को सक्रिय किया।
गौरतलब है कि लैराई देवी की पूजा गोवा के शिरगांव और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक श्रद्धा से की जाती है। हर वर्ष इस जात्रा में हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं।




