हल्द्वानी नगर निगम चुनाव: बीजेपी ने फिर जमाया कब्जा, गजराज सिंह बिष्ट बने मेयर..

Share the news

कुमाऊं की सबसे बड़ी हल्द्वानी नगर निगम सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मेयर पद पर बीजेपी के गजराज सिंह बिष्ट ने कांग्रेस के ललित जोशी को 3,894 वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की है।

हल्द्वानी नगर निगम चुनाव में गजराज सिंह बिष्ट ने पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी और आखिरी राउंड तक यह बढ़त कायम रही। चुनाव परिणाम के अनुसार, गजराज बिष्ट को कुल 71,962 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी को 68,068 वोट मिले।

देर रात आए परिणाम के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। रिटर्निंग ऑफिसर एपी वाजपेयी ने विजयी प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट को प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान जश्न का माहौल बना रहा, और गजराज को फूल मालाओं से लाद दिया गया।

गजराज सिंह बिष्ट, मेयर, हल्द्वानी

“यह जीत हल्द्वानी की जनता की जीत है। मैं वादा करता हूं कि इस भरोसे को कायम रखते हुए हल्द्वानी के चहुमुखी विकास के लिए दिन-रात काम करूंगा। जो अब तक नहीं हुआ, उसे कर दिखाने का संकल्प है।”

वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी ललित जोशी ने हार को स्वीकार करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की परंपरा है। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी जनता के फैसले का सम्मान करते हुए कहा कि ललित जोशी ने बेहतरीन लड़ाई लड़ी और आगे भी जनता की सेवा जारी रखेंगे।

हल्द्वानी में बीजेपी की इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं, गजराज बिष्ट ने इसे जनता और पार्टी हाईकमान का प्यार बताते हुए हल्द्वानी के विकास के लिए बड़े वादे किए हैं।

तो हल्द्वानी में एक बार फिर बीजेपी का परचम लहराया है। आने वाले समय में देखना होगा कि गजराज बिष्ट अपने वादों पर कितना खरा उतरते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *