नैनीताल। उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामलों के बीच नैनीताल जिले से सरकारी धन के गबन का गंभीर मामला उजागर हुआ है। हरिद्वार में खंड शिक्षा अधिकारी की रिश्वत लेते गिरफ्तारी के बाद अब नैनीताल जिले के गरमपानी क्षेत्र में बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गरमपानी स्थित समिति में ग्रामीणों की जमा धनराशि में गड़बड़ी और धन वापस न किए जाने की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। आरोप है कि समिति कर्मचारी एवं मिनी बैंक प्रभारी पटल आनन्द सिंह पनौरा ने ग्रामीण बचत केन्द्र गरमपानी में कार्यरत रहते हुए सदस्यों की जमा धनराशि में वित्तीय अनियमितताएं कीं।
इस संबंध में 17 दिसंबर को जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के तहत महिला सभागार, छड़ा खैरना में बचत केन्द्र के सदस्यों ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर कोतवाली भवाली में एफआईआर दर्ज की गई।
मामले में शिकायतकर्ता गोपाल सिंह रौतेला, सचिव, बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड गरमपानी हैं। अन्य शिकायतकर्ताओं में हीरा सिंह, देवेंद्र सिंह, पूरन सिंह और हरदयाल सिंह शामिल हैं, जिन्होंने अलग-अलग प्रार्थना पत्र दिए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की मेहनत की कमाई में किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित होगी। वहीं एसएसपी नैनीताल ने बताया कि शिकायतों के आधार पर तीन आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



