काशीपुर। अल्ली खां मोहल्ले में रविवार रात बिना अनुमति निकाले गए “आई लव मोहम्मद” जुलूस के बाद हुए उपद्रव ने पूरे शहर का माहौल तनावपूर्ण बना दिया है। जुलूस रोकने गई पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर हमला किया और सरकारी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद से प्रशासन सख़्त एक्शन मोड में आ गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि दंगाइयों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सरकारी व निजी संपत्तियों का नुकसान उनकी जेब से वसूला जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह के दंगे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
पुलिस ने सीसीटीवी और मोबाइल फुटेज के आधार पर मास्टरमाइंड नदीम अख्तर समेत 7 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 से अधिक दुकानों को हटाया और बिजली विभाग की टीम ने अवैध कनेक्शनों पर कार्यवाही की।
मंगलवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और अवैध कनेक्शनों को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं ताकि क्षेत्र में स्थायी रूप से व्यवस्था दुरुस्त की जा सके। प्रशासन का जोर संकरी गलियों को व्यवस्थित करने और जलभराव की समस्या खत्म करने पर है।
काशीपुर में हालात अब प्रशासनिक नियंत्रण में हैं, लेकिन इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती जारी है।



