Rudrapur के दूधियानगर वार्ड नंबर 13 में अस्पताल संचालक के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित सचिन कुमार मंडल ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके अस्पताल के बगल में स्थित एक गैरेज के संचालकों ने उन पर, उनकी पत्नी और बहन पर हमला किया।
तहरीर के अनुसार, 28 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे बंद गैरेज से आवाजें आने पर सचिन ने वहां लिखे नंबर पर फोन कर सूचना दी। आरोप है कि इसके बाद गैरेज मालिक आरिफ, अब्दुल समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अस्पताल में घुस गए। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए रजत सिंह पर भी ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और करीब 15 टांके लगे। उन्हें उपचार के लिए द मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


