जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सरस आजीविका मेला 2026 का आयोजन 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क, रुद्रपुर में किया जाएगा। दस दिवसीय इस मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दीप प्रज्ज्वलित कर करेंगे। उद्घाटन अवसर पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिमनाद बैंड की लोकधुनें और अमरनाथ सेवा मंडल का शिव जागरण आकर्षण का केंद्र रहेगा।
15 फरवरी को कृषि एवं पशुपालन उत्सव के तहत किसानों और विशेषज्ञों के बीच संवाद, डेयरी व मत्स्य पालन पर चर्चा आयोजित होगी। शाम को संकल्प खेतवाल की प्रस्तुति, फूलों की होली और हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगे। 16 फरवरी को बर्ड वाचिंग वर्कशॉप, वन संगोष्ठी, ऐपण कला प्रतियोगिता और लाइव कुकिंग शो के साथ पंजाबी कलाकार जस्सी गिल व बब्बल राय प्रस्तुति देंगे।
17 फरवरी को रोजगार मेला और करियर काउंसलिंग, 18 फरवरी को जनजातीय उत्सव व स्वच्छता संकल्प कार्यक्रम, 19 फरवरी को डिजिटल क्रिएटर वर्कशॉप और सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। 20 फरवरी को महिला सशक्तिकरण संगोष्ठी और उत्तराखंड नाइट में गोविंद सिंह दिगारी की प्रस्तुति होगी। 21 फरवरी को रामायण मंचन, 22 फरवरी को योग एवं बॉलीवुड उत्तराखंड नाइट में पवनदीप राजन प्रस्तुति देंगे। 23 फरवरी को पांडवाज बैंड के साथ मेले का भव्य समापन होगा।
मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों द्वारा हस्तशिल्प, हैंडलूम और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की है।




