रुद्रपुर। साइबर ठगों ने तकनीक का सहारा लेते हुए फैक्ट्री कर्मी को ई-सिम अपडेट का लालच देकर एक लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पंतनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक फैक्ट्री कर्मचारी के मोबाइल पर 15 नवंबर को अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को एयरटेल कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि उसका सिम फाइव-जी सेवा में अपडेट नहीं हुआ है, जिसे तुरंत ठीक करवाना जरूरी है। भरोसा दिलाने के बाद उसने पीड़ित से एयरटेल की आधिकारिक ऐप खुलवाई और ई-सिम एक्टिवेशन की प्रक्रिया पूरी करवा दी। इसके बाद पीड़ित के मोबाइल का नेटवर्क अचानक बंद हो गया।
अगले दिन 16 नवंबर को फिर कॉल आई और इस बार ठग ने मेल आईडी अपडेट करने की बात कहते हुए उसकी ईमेल भी हासिल कर ली। कॉल कटते ही मोबाइल दोबारा बंद हो गया और दो दिनों तक नेटवर्क नहीं आया। परेशान होकर वह एयरटेल कार्यालय पहुँचा, जहाँ कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी की ओर से ऐसी कोई कॉल नहीं की जाती है। उसे नया सिम जारी कर नंबर चालू कराया गया।
बाद में बैंक खाता चेक करने पर पीड़ित के होश उड़ गए। एचडीएफसी बैंक खाते से 10 अलग-अलग लेनदेन के जरिए एक लाख रुपये निकाल लिए गए थे। पीड़ित ने पुलिस से ठगों पर कार्रवाई कर धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस साइबर टीम की मदद से मामले की तहकीकात कर रही है।



