अमेरिका भेजने का झांसा: हल्द्वानी के युवक से 11.50 लाख की ठगी, फर्जी वीजा थमाया

Share the news

जसपुर। विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। हल्द्वानी निवासी युवक से अमेरिका भेजने का झांसा देकर 11 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए गए। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

आवास विकास, हल्द्वानी निवासी पूरन चंद्र पांडे पुत्र नित्यानंद पांडेय ने पुलिस को बताया कि उसके मित्र हृदयेश सिंह ने उसकी मुलाकात मौहल्ला भूप सिंह, सक्को वाली मस्जिद के पास रहने वाले सुधीर कुमार पुत्र रघुवीर सिंह से कराई थी। सुधीर कुमार ने उसे अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाते हुए विभिन्न किश्तों में 11.50 लाख रुपये ले लिए।

 

रकम लेने के बाद आरोपी ने पूरन चंद्र को अमेरिका का वीजा सौंप दिया। जब पीड़ित ने वीजा की जांच कराई तो वह पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बाद जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा और पैसे लौटाने से इंकार कर दिया।

 

पीड़ित की शिकायत पर मामला न्यायालय पहुंचा, जहां से पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए गए। कोर्ट के आदेश पर जसपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *