
उधम सिंह नगर। विदेश भेजने के नाम पर 21 लाख की ठगी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सतविंदर सिंह उर्फ बिट्टू को पुलिस ने यूपी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एसएसपी ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।





कैसे हुई ठगी?
ग्राम हरसान निवासी इकबाल सिंह ने 10 अक्तूबर 2023 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि सतविंदर सिंह और उसके साथी गुरुवाज सिंह ने उसके बेटे राजविंदर सिंह को विदेश भेजने का झांसा देकर 21 लाख रुपये ठग लिए। जब काफी समय बीतने के बाद भी बेटे को विदेश नहीं भेजा गया, तब इकबाल सिंह को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
न्यायालय ने जारी किया गैर-जमानती वारंट
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। न्यायालय ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद एसएसआई विनोद फर्त्याल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
यूपी से पकड़ा गया आरोपी, साथी अभी भी फरार
गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सतविंदर सिंह को उत्तर प्रदेश के मुशर्रफगंज, थाना खजुरिया, जिला रामपुर से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका साथी गुरुवाज सिंह अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसआई अशोक कांडपाल, एसआई प्रह्लाद सिंह, सुनील कुमार और नरेंद्र सिंह शामिल थे। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।