काशीपुर। शहर में कार चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामनगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी फॉर्च्यूनर बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था। विज्ञापन देखकर एक युवक ने संपर्क किया और टेस्ट ड्राइव के बहाने काशीपुर पहुंचा। कार मालिक ने अपने बेटे को युवक के साथ भेज दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दूर जाने के बाद युवक ने तकनीकी खराबी और प्यास लगने का बहाना बनाकर बेटे को पानी लेने भेज दिया और मौके से कार लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और प्रतापपुर बैरियर पर आरोपी को रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने बैरियर तोड़ दिया और एक कार को टक्कर मार दी। घेराबंदी बढ़ते देख युवक मौके पर फॉर्च्यूनर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार बरामद कर ली है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने फर्जी पहचान से संपर्क साधा था। पुलिस का शक है कि यह किसी संगठित वाहन चोरी गैंग की करतूत हो सकती है। इस घटना ने ऑनलाइन खरीद-फरोख्त की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



