सनसनीखेज….
पंजाब के जालंधर में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पूर्व विधायक और भाजपा नेता शीतल अंगुराल के भतीजे विकास अंगुराल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना जालंधर के शिवाजी नगर क्षेत्र की बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, विकास का किसी व्यक्ति से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विकास को आरोपी सड़क पर फेंककर फरार हो गया। परिजन उसे तुरंत कपूरथला चौक स्थित जोशी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद भाजपा नेता और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास की हत्या नशेड़ियों द्वारा की गई है। अंगुराल का कहना है कि आरोपी कालू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि इलाके में खुलेआम ड्रग्स की बिक्री हो रही है और यही इस हत्या की मुख्य वजह है।
शीतल अंगुराल ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।




