रुद्रपुर। शहर के जगतपुरा गली नंबर-2 में सोमवार शाम एक युवक ने अपने कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मकान मालिक देवकी देवी और मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मृतक की पहचान संजय कुमार पुत्र जगदीश चन्द्र, निवासी नाई, थाना खंन्स्यू, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर संजय को नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के गले में फंदे का निशान मिला है। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक के भाई राजेन्द्र, मामा भुवन चन्द्र, मामी रेखा देवी और मौसेरी बहन रेनु अस्पताल में मौजूद रहे, जो गमगीन माहौल में बिलखते रहे।
रात्रि होने के कारण सोमवार को पंचायतनामा की कार्रवाई नहीं हो सकी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।




