रुद्रपुर। दीपावली त्यौहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने उधमसिंह नगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। उपायुक्त खाद्य संरक्षा कुमाऊं मंडल डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में टीम ने उत्तर प्रदेश सीमा दोराहा, बाजपुर क्षेत्र में खाद्य सामग्री से भरे करीब तीन दर्जन वाहनों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान यूपी के मुरादाबाद और रामपुर से लाई जा रही करीब 20 क्विंटल दूध, 2 क्विंटल पनीर और 5 किलो मक्खन की जांच की गई। पाया गया कि पनीर का रखरखाव अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में किया गया था और उसमें फंगस पाई गई। जनहित में करीब 2 क्विंटल दूषित पनीर मौके पर ही नष्ट किया गया।
टीम ने 10 नमूने — 5 दूध, 4 पनीर और 1 मक्खन — जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद मानक विपरीत पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस खाद्य व्यवसाय करने या मिलावटी सामान बेचने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।




