होली से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, दूध, तेल, आटा और कोल्डड्रिंक के नमूने जांच को भेजे

Share the news

आगामी होली पर्व के मद्देनज़र मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद ऊधम सिंह नगर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड सचिन कुर्वे के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं मंडल डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

अभियान के तहत पुलभट्टा किच्छा स्थित सिरौलीकला खुर्द के एक मिल्क चिलिंग सेंटर से संदेह के आधार पर दूध के दो नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए। निरीक्षण के दौरान प्लांट में साफ-सफाई के मानकों का पालन न होने पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि मामले में सक्षम न्यायालय में वाद दायर करने की कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद शक्तिफार्म स्थित एक ऑयल एवं फ्लोर मिल से सरसों के तेल और आटे के एक-एक नमूने जांच हेतु लिए गए। वहीं सितारगंज में शीतल पेय वितरक फर्म श्री श्याम एजेंसीज से कोल्डड्रिंक के दो नमूने एकत्र किए गए। निरीक्षण में फर्म के पास एफएसएसएआई लाइसेंस न पाए जाने पर संबंधित फर्म और आपूर्तिकर्ता ओम एजेंसीज, काशीपुर को नोटिस जारी किया गया है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस या मानकों के विपरीत खाद्य कारोबार करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग तिथि और एफएसएसएआई लाइसेंस अवश्य जांचें। शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 18001804246 जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *