पहली पत्नी की गला घोंटकर हत्या, चार दिन कमरे में छिपाया शव; दूसरी पत्नी के आते ही जंगल में फेंका

Share the news

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला जंगल में मिली अज्ञात महिला की लाश का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि मृतका का पति ही निकला।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च को जंगल में एक महिला का सड़ा-गला शव कट्टे में मिला था, जिसकी शिनाख्त करना बेहद मुश्किल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आठ टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आसपास की 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में सत्यापन अभियान चलाया।

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला कि एक निर्माणाधीन मकान में काम करने वाले मजदूर की पत्नी होली के बाद से गायब है। जब पुलिस ने ठेकेदार से पूछताछ की तो पता चला कि मजदूर रंजीत शर्मा की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी रूपा हाल ही में उसके पास लौटी थी, जबकि दूसरी पत्नी बिहार में रह रही थी।

पुलिस ने आरोपी को भाटोवाला से गिरफ्तार किया। पूछताछ में रंजीत ने कबूल किया कि उसने अपनी पहली पत्नी रूपा की गला घोंटकर हत्या की थी। आरोपी ने बताया कि रूपा उस पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

घटना की रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसमें गुस्से में आकर रंजीत ने रूपा की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को चार दिन तक कमरे में छिपाकर रखा और बाद में जंगल में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *