फाइनेंस कंपनी एमडी पर धमकी के आरोप, डायरेक्टर पत्नी पर पिस्टल दिखाने का आरोप, खाताधारक से धक्का-मुक्की के आरोप, मामला पहुंचा आवास विकास पुलिस चौकी

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

आवास विकास क्षेत्र स्थित एक फाइनेंस कंपनी के एमडी पर खाताधारक को धमकाने और धक्का-मुक्की करने के आरोप लगे हैं। वहीं, कंपनी की डायरेक्टर पत्नी पर भी पिस्टल दिखाकर डराने के आरोप सामने आए हैं। हंगामे के बाद मामला आवास विकास पुलिस चौकी पहुंच गया, जहां पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार, नैनीताल हाईवे स्थित संपूर्ण जीवन धन निधि लिमिटेड के कार्यालय में गुरुवार को रेशमा नाम की खाताधारक अपने गारंटर के साथ पहुंची थी। खाताधारक का आरोप है कि उसने 20 हजार रुपये का लोन लिया था, लेकिन कंपनी की ओर से 1.20 लाख रुपये का नोटिस भेजा गया। इसी संबंध में जानकारी लेने पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि एमडी द्वारा उसे डराया-धमकाया गया और करीब दो घंटे तक कार्यालय में बंधक बनाकर रखा गया।

खाताधारक के अनुसार, विवाद के दौरान एमडी ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और गोली मारने की धमकी भी दी। वहीं, कुछ देर बाद कंपनी की डायरेक्टर, जो एमडी की पत्नी बताई जा रही हैं, मौके पर पहुंचीं और उन पर भी पिस्टल दिखाकर धमकाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी ले आई।

वहीं, दूसरी ओर कंपनी के एमडी गगन चंद माझी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका आरोप है कि संबंधित महिला ने 20 हजार नहीं, बल्कि 1.20 लाख रुपये का लोन लिया था और कई महीनों से किस्त जमा नहीं की थी। नोटिस भेजे जाने के बाद महिला द्वारा उन्हें झूठे मामले में फंसाने और समझौते के नाम पर रकम मांगने के आरोप भी लगाए गए हैं।

एमडी का यह भी आरोप है कि महिला अपने साथ कुछ लोगों और मीडिया कर्मियों को लेकर कार्यालय पहुंची, जहां उनके साथ ही धक्का-मुक्की की गई, जिससे वह चोटिल हो गए। उन्होंने पिस्टल दिखाने और धमकी देने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है।

फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *