रुद्रपुर, उधम सिंह नगर।
जिला एवं सत्र न्यायालय रुद्रपुर में प्रैक्टिस करने वाली एक महिला अधिवक्ता ने अपने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना-पत्र सौंपा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गदरपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 पंजाबी कॉलोनी स्थित उनकी कागजातयुक्त वैध भूमि पर कुछ लोगों द्वारा लगातार अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार 23 नवंबर 2025 को सुबह करीब 10 बजे और 25 नवंबर 2025 को शाम लगभग 7:30 बजे कुछ आरोपी अपने कई साथियों के साथ लाठी-डंडों और अवैध हथियारों से लैस होकर जमीन पर पहुंचे और जबरन कब्जा करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने खुलेआम गाली-गलौज की और कोर्ट के किसी भी आदेश को न मानने की धमकी दी। महिला अधिवक्ता का आरोप है कि आरोपी उन्हें और उनके परिवार को निर्भया कांड जैसी धमकी देकर भय का माहौल बना रहे हैं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी चोरी-छिपे उनके और परिवार की महिलाओं के वीडियो-फोटो बनाकर बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की धमकी देते हैं। घर के बाहर सीढ़ियों और दरवाजे पर आपत्तिजनक एवं अश्लील वस्तुएं फेंककर मानसिक उत्पीड़न किए जाने की बात भी कही गई है। वर्ष 2019 में पिता के निधन के बाद घर में केवल महिलाएं ही रहती हैं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लगातार दबाव बना रहे हैं।
महिला अधिवक्ता का कहना है कि थाना स्तर पर कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए हैं। पीड़िता ने FIR दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



